Type Here to Get Search Results !

आउट होने के बाद बल्ला उठाते हुए मैदान से बाहर गए, ड्रेसिंग रूम में साथी खिलाड़ियों से गले मिले

मुंबई। यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल टी-20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में बड़ी पारी तो नहीं खेल पाए, लेकिन जब वे आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम की ओर गए तो उन्होंने हेलमेट निकालकर बैट उठाते हुए सबका अभिवादन किया।

यहां तक सभी खिलाड़ियों ने उन्हें आकर गले भी लगाया। जब तक वे ड्रेसिंग रूम के अंदर नहीं गए, तब तक कैमरामैन ने उनका साथ नहीं छोड़ा। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि गेल का वेस्टइंडीज के लिए ये आखिरी टी-20 मैच था। हालांकि, अब तक उन्होंने अपनी तरफ से संन्यास का ऐलान नहीं किया है।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वेस्टइंडीज टी-20 वर्ल्ड कप में अपना आखिरी मैच खेल रही थी। टीम पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी है। इस मैच में गेल ने शुरुआत तो खतरनाक तरीके से की, लेकिन वे बड़ी पारी नहीं खेल पाए। गेल ने 9 गेंद में 15 रन बनाए।

दो बार टी-20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य रहे गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 79 T-20I मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 1899 रन बनाए हैं। उनका औसत 28.11 और स्ट्राइक रेट 137.31 का रहा है। गेल ने अपने T-20 इंटरनेशनल करियर में 2 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। इसके साथ ही उनके नाम क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में 19 विकेट भी दर्ज है।