कृषि मंत्री ने निर्माण कार्यों का किया भूमि-पूजन और लोकार्पण
छिन्दवाड़ा में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल
भोपाल। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री तथा छिन्दवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कमल पटेल ने विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण कर छिन्दवाड़ा वासियों को सौगातें दीं। उन्होंने विकासखण्ड सौंसर के ग्राम कुड्डम में 6 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले उत्कृष्ट बागवानी केन्द्र का भूमि-पूजन किया। श्री पटेल ने कुण्डीपुरा थाना की धर्मटेकरी पुलिस चौकी और अर्द्ध-शहरी थाना (देहात) के नव-निर्मित भवनों का शुभारंभ भी किया। मंत्री श्री पटेल ने जनपद पंचायत मोहखेड़ के नव-निर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। उन्होंने भ्रमण के दौरान किसानों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना अंतर्गत चने के बीज का वितरण भी किया। शाम को कृषि मंत्री श्री पटेल ने जिला मुख्यालय पर आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया।
कृषि मंत्री श्री पटेल ने छिन्दवाड़ा वासियों के साथ ही प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश के 66वें स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामना दी। श्री पटेल जिला मुख्यालय पर सायंकाल 6.30 बजे आयोजित जिला-स्तरीय समारोह में सम्मिलित हुए। इसके पूर्व सौंसर के कुड्डम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के कल्याण के लिये निरंतर कार्य कर रही है। सरकार सबका साथ-सबका विकास के मूल-मंत्र पर कार्य करते हुए सभी को लाभान्वित करने के लिये कल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रही है। मंत्री श्री पटेल ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर विकासखण्ड सौंसर के ग्राम कुड्डम में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (उत्कृष्ट बागवानी केन्द्र) का भूमि-पूजन कर शिला-पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लगभग पौने सात करोड़ की लागत से बनने वाले बागवानी केन्द्र से निम्बू और संतरा की फसलों का उत्पादन करने वाले कृषकों को उत्तम गुणवत्ता वाले पौधे उपलब्ध होंगे। इससे किसानों की उत्पादन लागत कम होगी, साथ ही उत्पादन बढ़ेगा। किसान आत्म-निर्भर होंगे। किसानों की आत्म-निर्भरता के लिये यह बागवानी केन्द्र जिले में मील का पत्थर साबित होगा।
पुलिस चौकी और अर्द्ध-शहरी थाने के नव-निर्मित भवन का लोकार्पण
मंत्री श्री पटेल ने सोमवार को छिन्दवाड़ा में कुण्डीपुरा थाने की धर्मटेकड़ी पुलिस चौकी और अर्द्ध-शहरी थाना (देहात) के नव-निर्मित भवनों का लोकार्पण किया। भवनों का निर्माण मध्यप्रदेश पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम द्वारा किया गया है।
जनपद पंचायत मोहखेड़ के नव-निर्मित भवन का किया लोकार्पण
कृषि मंत्री श्री पटेल ने जिले के मोहखेड़ विकासखण्ड मुख्यालय पर नव-निर्मित जनपद पंचायत भवन का लोकार्पण किया। जनपद पंचायत भवन 80 लाख रुपये की राशि से निर्मित किया गया है। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गाँव के विकास से ही देश का विकास होता है। इसीलिये सरकार निरंतर गाँव का सशक्तिकरण कर रही है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से ग्रामीण विकास की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिये।
किसानों को किया चना बीज वितरित
कृषि मंत्री श्री पटेल ने मोहखेड़ में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन में किसानों को चना बीज का वितरण किया। उक्त बीज चना फसल के क्लस्टर प्रदर्शन अंतर्गत किसानों को वितरित किया गया है। आज के कार्यक्रम में 6 किसानों को चना बीज के मिनी किट वितरित किये गये।
मूर्तियाँ खरीद कर दिव्यांगों का किया उत्साहवर्द्धन
मंत्री श्री पटेल ने ग्राम कुड्डम में दिव्यांगजनों का उत्साहवर्द्धन उनके द्वारा बनाई गई मूर्तियों को खरीद कर किया। आदिवासी समाज विकास संस्थान द्वारा उपचारित मानसिक रोगियों और दिव्यांगजनों द्वारा गोबर से बनाये गये दिये और लक्ष्मी जी की मूर्तियाँ कार्यक्रम में विक्रय के लिये रखे गये थे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गोबर और मिट्टी के उत्पाद पर्यावरण संरक्षण के लिये भी अत्यंत ही आवश्यक भी हैं और उपयोगी भी हैं।