नई दिल्ली। पाकिस्तान से मिली हार के बाद टीम इंडिया की निगाहें अब न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले मैच पर टिकी हुई हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का मुकाबला आज दुबई में खेला जाएगा। कोहली एंड कंपनी अगर टूर्नामेंट में बने रहना चाहती है तो इस मैच को जीतना उसके लिए जरूरी है। हालांकि इस मुकाबले से पहले भारतीय टीम और फैंस के लिए कुछ ऐसे आंकड़े सामने निकलकर आ रहे हैं, जो वाकई में चिंताजनक हैं।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2007 के टी-20 वर्ल्ड कप से लेकर इस साल हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक ICC इवेंट्स के कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं और 6 में कीवी टीम जीत दर्ज करने में सफल रही है। वहीं, एक मैच बारिश के चलते बेनतीजा रहा था। टी-20 WC में दोनों टीमों का सामना इस दौरान कुल दो बार हुआ और दोनों बार भारतीय टीम को मुंह की खानी पड़ी। 2007 के टी-20 WC में न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन और 2016 के टी-20 WC में 47 रनों से हराया था।