Type Here to Get Search Results !

किसान भाई परेशान न हो, खाद उपलब्ध कराई जाएगी – मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश की आवश्यकता के अनुसार डी.ए.पी., यूरिया, एन.पी.के. की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, किसान भाई परेशान न हों। खाद की कमी की मानसिकता छोड़ें, चिंता न करें, समय-समय पर आवश्यक मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश के विभिन्न स्थान पर 32 अतिरिक्त रैक 30 अक्टूबर तक पहुँचेंगे। यह यूरिया किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। नवम्बर में खाद की आपूर्ति के लिए भारत सरकार से चर्चा की है। प्रदेश की आवश्यकता के अनुसार हमें खाद निश्चित रूप से मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास पर प्रदेश में खाद की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, कृषि उत्पादन आयुक्त श्री शैलेन्द्र सिंह, अपर मुख्य सचिव कृषि श्री अजीत केसरी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछले वर्ष अक्टूबर के अंत तक 3 लाख 48 हजार मीट्रिक टन यूरिया किसान भाई-बहनों द्वारा उठाया गया था। इस साल 3 लाख 18 हजार मीट्रिक टन उठा लिया गया है। बाकी शेष बची मात्रा भी इस माह के अंत तक उपलब्ध करा दी जाएगी। गत वर्ष अक्टूबर माह के अंत तक 2 लाख 78 हजार मीट्रिक टन डीएपी किसान द्वारा खरीदा गया था। इस साल 2 लाख 31 हजार मीट्रिक टन डीएपी किसान भाई-बहन खरीद चुके हैं और बची हुई शेष मात्रा भी उपलब्ध कराई जा रही है।