मुंबई। IPL-2022 के मेगा ऑक्शन से जुड़े नियम सामने आने लगे हैं। IPL गवर्निंग काउंसिल और सभी फ्रेंचाइजी के बीच कुछ नियमों पर सहमति बनने की खबर है। इसके मुताबिक पुरानी 8 टीमें अपने मौजूदा खिलाड़ियों में से चार को रिटेन कर सकती हैं। वहीं, दोनों नई टीमें रिटेन किए गए खिलाड़ियों के अलावा मौजूद विकल्पों में से तीन-तीन खिलाड़ियों का चयन नीलामी से पहले ही कर सकेंगी। इस बार राइट टू मैच का ऑप्शन नहीं दिया जाएगा। 2022 सीजन से टीमों की संख्या 8 से बढ़कर 10 होने वाली है। लखनऊ और अहमदाबाद के रूप में दो नई टीमें शामिल हो रही हैं।
किसी टीम ने अपने किसी खिलाड़ी को रिटेन नहीं किया तो वह नीलामी में जाता है। अगर नीलामी में कोई दूसरी टीम उस खिलाड़ी को खरीद लेती है तो उसकी पुरानी टीम के पास विकल्प होता है कि वह उतनी ही राशि (जितने में दूसरी टीम ने खरीदा है) देकर खिलाड़ी को फिर से टीम में शामिल कर ले। 2022 की नीलामी के लिए टीमों के पास एक भी राइट टू मैच ऑप्शन नहीं होगा।