एएचपी घटक श्रेणी में पाया पांचवां मुकाम
नगरीय विकास और आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने दी बधाई
खुरई/भोपाल। सागर जिले की खुरई नगरपालिका को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। खुरई नगरपालिका ने प्रधानमंत्री आवास योजना में अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप (एएचपी) घटक श्रेणी में देश की सभी नगरपालिकाओं में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। साथ ही इस नगरपालिका को कामकाज के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए राज्य में पहला स्थान भी प्राप्त हुआ है।मध्यप्रदेश के नगरीय विकास तथा आवास मंत्री एवं खुरई से विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने इस कामयाबी के लिए खुरई के सभी रहवासियों को बधाई दी है।
एएचपी के अंतर्गत राज्य सरकारें अपनी एजेंसी या निजी पार्टनरशिप के माध्यम से ईडब्ल्यूएस, एलआईजी तथा एमआईजी सेगमेंट के लिए उनकी क्षमतानुसार आवासीय परियोजनाएं निर्मित करती हैं।खुरई नगरपालिका के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भैया लाल ने नगरपालिका को मिले अवार्ड को शुक्रवार को भोपाल में खुरई से विधायक तथा प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह को सौंपे। श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि खुरई की नगरपालिका भविष्य में भी इस तरह की और सफलताएं निरंतर हासिल करती रहेगी।