भोपाल। मध्यप्रदेश के नगरीय विकास तथा आवास मंत्री एवं खुरई से विधायक श्री भूपेंद्र सिंह के प्रयासों से खुरई नगरपालिका का चयन एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की एकीकृत विकास योजना में किया गया है।
श्री भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को एक बैठक में एमपीयूडीसी की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विशेष रूप से बांदरी एवं मालथौन की क्रमशः 41. 29 करोड़ तथा 31.89 करोड़ रुपये वाली पेयजल योजनाओं की समीक्षा की गयी। साथ ही इसमें खुरई सीवेज परियोजना, खुरई की एशियन विकास बैंक द्वारा चयनित एकीकृत विकास योजना के तहत अधोसंरचना विकास योजना की प्रगति की भी श्री सिंह ने समीक्षा की।बैठक में जानकारी दी गयी कि बांदरी और मालथौन की पेयजल परियोजनाओं को एडीबी से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया नवंबर, 2021 के दूसरे सप्ताह में शुरू कर दी जाएगी। एडीबी की एकीकृत विकास योजना में खुरई सहित राज्य के बुदनी, नसरुल्लागंज तथा चित्रकूट शहर का चयन भी किया गया है।
बैठक में जानकारी दी गयी कि एकीकृत विकास योजना में नगर में अधोसंरचना विकास से जुड़े सभी काम शामिल किये जा सकते हैं। इस योजना में लगभग 380 करोड़ की राशि उपलब्ध है, जिसमें से लगभग 175 करोड़ की राशि खुरई के विकास के लिए खर्च की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत एडीबी की टीम आने वाले दो महीने में जरूरी कामों का आंकलन कर डीपीआर तैयार करेगी, इसी आधार पर टेंडर जारी किये जाएंगे।
नगरीय विकास तथा आवास मंत्री एवं खुरई से विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने बैठक में अफसरों को निर्देश दिए कि, चूंकि नागदा शहर की सीवेज परियोजना को अन्य योजना में स्वीकृति मिल चुकी है, इसलिए खुरई की सीवेज परियोजना को नागदा शहर की परियोजना की जगह सम्मिलित किया जाए। श्री सिंह ने एकीकृत विकास योजना के तहत स्वीमिंग पूल के निर्माण को भी अधोसंरचना विकास में शामिल करने के निर्देश दिए।