नई दिल्ली। नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड कमेटी ने टोक्यो ओलिंपिक में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा सहित 11 खिलाड़ियों का नाम साल 2021 के मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड के लिए प्रस्तावित किया है। इनमें पांच पैरा एथलीट्स भी शामिल हैं। पिछले साल 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड के चुना गया था। 2016 में हुए रियो ओलिंपिक के बाद 4 खिलाड़ियों को यह अवॉर्ड मिला था। इस लिहाज से इस बार किसी भी एक साल में खेल रत्न के लिए सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को चुना गया है।
नीरज के अलावा इस लिस्ट में रवि दहिया (कुश्ती), पीआर श्रीजेश (ह़ॉकी), लवलिना बोरगोहेन (बॉक्सिंग), सुनील छेत्री (फुटबॉल), मिताली राज (क्रिकेट), प्रमोद भगत (पैरा बैडमिंटन), सुमित अंटिल (पैरा बैडमिंटन), अवनि लेखरा (पैरा शूटिंग), कृष्णा नागर (पैरा बैडमिंटन) और एम नरवाल (पैरा शूटिंग) के नाम मौजूद हैं। कमेटी ने 35 खिलाड़ियों के नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किए हैं। इन 35 खिलाड़ियों में क्रिकेटर शिखर धवन का नाम भी शामिल है।
खेल पुरस्कार समारोह हर साल 29 अगस्त को आयोजित किया जाता था, लेकिन इस साल देरी की गई है। सरकार खिलाड़ियों के चयन में टोक्यो ओलिंपिक और पैरालिंपिक में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को भी शामिल करना चाहती थी। पैरालिंपिक खेलों का आयोजन इस साल 24 अगस्त से 5 सितंबर तक टोक्यो में हुआ।