Type Here to Get Search Results !

कोहली की बेटी को धमकाने वाला गिरफ्तार:पाकिस्तान से मैच हारने पर दुष्कर्म की धमकी दी थी

मुंबई। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा की बेटी को दुष्कर्म की धमकी देने वाले व्यक्ति को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। 23 साल के आरोपी को मुंबई पुलिस की साइबर सेल ने बुधवार को पकड़ा। उसे मुंबई लाया जा रहा है।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, गिरफ्तार व्यक्ति का नाम रामनागेश अकुबाथिनी है। उसने IIT हैदराबाद से बीटेक किया है और पेशे से इंजीनियर है। वो कुछ समय पहले तक फूड डिलीवरी एप के लिए काम करता था।

टीम इंडिया T-20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है। पहले मैच में पाकिस्तान और इसके बाद न्यूजीलैंड ने भी भारत को मैच में हरा दिया था। इसके बाद कोहली और बाकी प्लेयर्स आलोचकों के निशाने पर आ गए थे। सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने विरोध की सीमा पार करते हुए खिलाड़ियों के परिवारों को भी टारगेट करना शुरू कर दिया था। 24 अक्टूबर को टीम इंडिया पहले मैच में पाकिस्तान से हार गई थी। इसके बाद एक सोशल मीडिया अकाउंट से विराट कोहली की बेटी वामिका के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुष्कर्म की धमकी दी गई थी। आरोपी ने ट्वीट करने के बाद अकाउंट डिलीट कर दिया था।