Type Here to Get Search Results !

मवेशी को कुएं से बाहर निकालने के प्रयास में पशुपालक पानी में डूबा, मौत

रीवा। शहर के समीपी सगरा गांव में गाय पालक कुएं में गिरे मवेशी को बचाने के प्रयास में खुद डूब गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से संजय गांधी स्मृति अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रविवार की दोपहर पुलिस ने मर्ग कायम कर पीएम कराने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। इधर सगरा पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम सगरा गांव स्थित कुआं में एक गाय गिर गई। शोर-शराबा सुनकर गांव वाले एकत्र हो गए। इसके बाद डूब रही गाय को बचाने का जतन करने लगे। वहीं राम गोपाल तिवारी पुत्र श्रीनिवास (39) सहित क्रमशः दो-तीन लोग कुएं में उतर कर गाय को बांधकर निकालने लगे। घटना के दौरान गाय तो कुएं से बाहर निकल गई। लेकिन युवक कुएं के गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों को जैसे ही युवक के कुएं में डूबने का अंदेशा हुआ तो उन्होंने युवक को बाहर निकालकर संजय गांधी अस्पताल लाने की व्यवस्था की। चिकित्सालय के आकस्मिक चिकित्सा विभाग पहुंचे युवक का प्राथमिक परीक्षण करने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।