Type Here to Get Search Results !

रेत का अवैध उत्खनन करते दो जेसीबी, मिनी ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

अनूपपुर। जिले का अंतिम छोर और छत्तीसगढ़ सीमा पर बसा राजनगर एक कोयलांचल क्षेत्र है। यहां कोई रेत खदान शासन द्वारा लीज पर नहीं दी गई है, जिससे वन विभाग व आसपास के ग्रामीण अंचल के नालों से रेत की अवैध खुदाई और परिवहन का कार्य अवैध तरीके से चला आ रहा है। जिला प्रशासन के पास यह शिकायत लगातार पहुंच रही थी। सोमवार को खनिज विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंची और यहां से एक जेसीबी व ट्रैक्टर को जब्त किया।

थाना रामनगर अंतर्गत नगर परिषद डूमर कछार के समीप स्थित नाला से अवैध रेत की खुदाई एवं परिवहन करते जिस तरह से खनिज विभाग ने कार्यवाही की है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि क्षेत्र में रेत माफियाओं के हौसले काफी बुलंद थे। यहां खुलेआम दो-दो जेसीबी लगाकर नाले से अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा था जिसकी शिकायत पर सोमवार को खनिज विभाग के अधिकारियों ने जब छापा मारा विभाग के अधिकारी भी दंग रह गए थे। उक्त कार्यवाही में खनिज विभाग ने दो जेसीबी, एक मिनी हाईवा एवं एक ट्रैक्टर को जप्त कर नगर पंचायत डूमर कछार को सुपुर्दगी में दिया है।

वहीं खनन करने वालों का कहना है कि उक्त वाहन अवैध रेत के परिवहन में नहीं लगे थे बल्कि छठ घाट के तैयारियों में लगे थे जिससे पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है। इस संबंध में कई सवालिया निशान भी खड़े हो रहे हैं जिसमें प्रथम दृष्टया यह सामने आता है कि जब उक्त वाहन छठ घाट के तैयारियों में लगे थे तो रेत के उठाव की क्या जरूरत थी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो उक्त वाहनों द्वारा छठ घाट के निर्माण की आड़ में नगर में कई जगह पर अवैध रेत का भंडारण भी किया गया है। कई गाड़ियों के माध्यम से नगर परिषद डूमर कछार के अलावा आसपास के कोयलांचल क्षेत्रों में भी अवैध रेत का सप्लाई, परिवहन किया जा रहा था।अब उक्त मामले में सच्चाई क्या है यह निष्पक्ष जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।

उक्त स्थान से रेत का परिवहन करते हुए दो जेसीबी, एक मिनी हाईवा, एक ट्रैक्टर को नगर परिषद डूमर कछार के सुपुर्द कर पूरे मामले को जांच में लिया गया है। विवेचना चल रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

           -ईशा वर्मा, खनिज निरीक्षक अनूपपुर