भोपाल। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का बिरसा मुंडा जयंती 15 नवंबर को भोपाल में आयोजित जनजातीय महासम्मेलन में आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के निर्देशानुसार यह दिवस जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रस्तावित भोपाल आगमन पर जम्बूरी मैदान में आयोजित होने वाले जनजातीय महासम्मेलन कार्यक्रम के लिए जारी तैयारियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नवनिर्मित हबीबगंज रेलवे स्टेशन की तैयारियों को भी देखा। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नवनिर्मित हबीबगंज रेलवे स्टेशन का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि जम्बूरी मैदान पर होने वाले जनजातीय महासम्मेलन का पूर्ण स्वरूप जनजातीय संस्कृति पर केन्द्रित हो। कार्यक्रम में प्रदेश में निवासरत सभी जनजातियों की परम्पराओं, संस्कृति, जीवन मूल्यों को सुरूचिपूर्ण तरीके से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही जनजातीय नायकों पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान को अवगत कराया गया कि सभा स्थल पर जनजातीय स्व-सहायता समूहों के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे और प्रदेश की समस्त जनजातियों की नृत्य विधाओं को सम्मिलित करते हुए नृत्यों की प्रस्तुति भी होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निर्देश दिए कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि अन्य स्थानों से सम्मेलन में आने वाले लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो।