Type Here to Get Search Results !

प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने , भारत को आत्मनिर्भर बनाने में बनें सहभागी : मंत्री पटेल

नर्मदा मैया की पूजा अर्चना कर राष्ट्र निर्माण में एकजुट होने दिलाया संकल्प

भोपाल। किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा है कि 21वीं सदी भारत की सदी है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने , भारत को आत्मनिर्भर, शक्तिशाली, वैभवशाली बनाने में सभी सहभागी बनें। राष्ट्र के लिए सेवा कर सच्चे अर्थों में अपने जीवन को सार्थक बनाएं। कृषि मंत्री श्री पटेल गुरुवार को होशंगाबाद में सेठानी घाट स्थित काले महादेव मंदिर मैं पूजा अर्चना के पश्चात कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।  कार्यक्रम का आयोजन केदारनाथ में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा महान संत आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के अनावरण के उपलक्ष में किया गया था। उन्होंने सर्वप्रथम मां नर्मदा की पूजा अर्चना और वंदना की।

कृषि मंत्री श्री पटेल ने होशंगाबाद सेठानी घाट में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनों को राष्ट्र निर्माण के लिए एकजुट होने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री  के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी यथाशक्ति अपना योगदान दें, जिससे देश में सुख समृद्धि आएं, देशवासी खुशहाल हो और सभी हाथ को रोजगार मिले। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गुरू के बिना ज्ञान पाना असम्भव हैं। हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति में भी गुरु का सर्वोच्च स्थान है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी ने देश के महान संत आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा का अनावरण कर पूरे देश में गुरुओं का मान बढ़ाया है। इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने जिले के संतो एवं आचार्यों का शाल और श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा केदारनाथ में किए गए आदि गुरु शंकराचार्य की प्रतिमा के अनावरण समारोह कार्यक्रम को लाइव प्रसारण के माध्यम से देखा और सुना गया।

इस अवसर पर आचार्य श्री गोपाल प्रसाद खड्डर, श्री बाल चंद्र खड्डर, श्री संतोष पारिख, श्री प्रसन्ना हर्ने, श्री शंभू सिंह भाटी ,श्री पीयूष शर्मा,  श्री मनोहर बड़ानी , श्री राजेश तिवारी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।