संविदा और दैवेभो कर्मियों ने की 10 हजार अग्रिम की मांग
भोपाल। प्रदेश के 8 लाख से ज्यादा संविदा, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्स कर्मचारियों की दीवाली संकट में आ गई है, क्योंकि सरकार ने त्योहार अग्रिम पर रोक लगा रखी है। दूसरी ओर कर्मचारियों का कहना है कि त्योहार अग्रिम देने के बाद मासिक वेतन से कटौती हो जाती है, ऐसे में सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं आने से अग्रिम प्रदान किया जाए।
इस बारे में मप्र तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश कटियार, उपाध्यक्ष मोहन अय्यर और सचिव उमाशंकर तिवारी ने रविवार को मीडिया को बताया कि त्योहार अग्रिम पर रोक लगी हुई है। तिवारी के अनुसार इस बार 4 हजार रुपए अग्रिम देने के आदेश हुए हैं, लेकिन वह भी नहीं मिल पा रहे हैं। इससे त्योहार पूर्व अल्पवेतन भोगी कर्मचारियों के सामने दीवाली मनाने का संकट खड़ा हो गया है। तिवारी के अनुसार बीते साल तक सरकार ने 10 हजार रुपए बतौर त्योहार अग्रिम कर्मचारियों को दिए थे, जिससे त्योहार की खरीदी हो सकी थी। अब इस साल भी 10 हजार रुपए कर्मचारियों को मिलना चाहिए, ताकि त्योहार मना सकें। यह राशि बाद में किश्तों में कर्मचारियों के वेतन से कटौत्रा हो जाएगी।