Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री चौहान ने 426 मुख्यमंत्री बाढ़ राहत आवासों का किया वर्चुअल लोकार्पण

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्रामीण अधोसंरचना से गाँव की बदहाली दूर कर अर्थ-व्यवस्था को स्वावलंबी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शनिवार को बुधनी तहसील के 40 ग्रामों में मुख्यमंत्री बाढ़ राहत आवास योजना से निर्मित्त 400 से अधिक आवासों का ग्राम सोमलवाड़ा से शुभारंभ कर हितग्राहियों को वर्चुअल गृह प्रवेश करवाया। सांसद श्री रमाकांत भार्गव भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव के उत्पादों और हुनर को अर्थ-व्यवस्था से जोड़ने के लिए महिलाओं के स्व-सहायता समूह को प्रशिक्षण देने के साथ बैंक से वित्तीय मदद उपलब्ध कराई जाएगी। उत्पादों के क्लस्टर बनाकर मार्केट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि सोमलवाड़ा सहित अन्य सभी गाँवों में महिला स्व-सहायता समूहों को बैंक से ऋण और प्रशिक्षण की व्यवस्था करें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि बुधनी के करीब 40 गाँव गत वर्ष बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। इन गाँवों में मुख्यमंत्री राहत आवास योजना में 626 आवास स्वीकृत किए गए थे, जिसमें से आज 400 से अधिक आवासों का शुभारंभ कर हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाया गया है। सोमलवाड़ा में हुए गृह प्रवेश कार्यक्रम से अनेकों गाँव वर्चुअली शामिल हुए। प्रत्येक आवास के लिये मुख्यमंत्री राहत के रूप में 95 हज़ार, शौचालय निर्माण के लिए 17 हज़ार और मनरेगा से 90 दिन का रोजगार भी दिया गया था।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीणों की मांग पर सोमलवाड़ा में मिनी आंगनवाड़ी और स्कूल भवन के निर्माण के साथ नांदमेर से सोमलवाड़ा तक 6 गाँव को जोड़ने वाले मार्ग तथा पुल निर्माण की घोषणा भी की।