मुंबई। न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 नवंबर से शुरू हो रही 3 टी-20 मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। रोहित शर्मा टीम के कप्तान बनाए गए हैं, वहीं केएल राहुल को उपकप्तानी दी गई है। ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर और तेज गेंदबाज आवेश खान को पहली बार भारतीय टीम में मौका दिया गया है। वहीं, हार्दिक पंड्या को ड्रॉप कर दिया गया है।
टी-20 वर्ल्ड कप के बाद इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने की घोषणा कर चुके विराट कोहली को आराम दिया गया है। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी को भी आराम दिया गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी। भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा अभी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि विराट को पहले टेस्ट के लिए भी आराम दिया जाएगा और रोहित ही उस मैच में भी कप्तानी संभालेंगे।
भारतीय टी-20 टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, ईशान किशन, वेंकटेश अय्यर, युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, आवेश खान, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज।