नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप के 32वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड को 16 रनों से हरा दिया। न्यूजीलैंड की इस जीत के साथ ही भारत की परेशानी थोड़ी बढ़ गई है। ग्रुप 2 के समीकरण के मुताबिक टीम इंडिया के लिए यह अहम था कि आज स्कॉटलैंड न्यूजीलैंड को हरा दे।
कीवी टीम की यह तीसरे मैच में दूसरी जीत है। इस जीत के साथ टीम के चार अंक हो गए हैं। अब उनका सेमीफाइनल में पहुंचने का दावा और ज्यादा मजबूत हो गया है।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 172 रन का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन ही बना सकी। स्कॉटलैंड के लिए माइकल लीस्क ने सबसे ज्यादा 20 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए। न्यूजीलैंड के लिए ट्रेंट बोल्ट और ईश सोढी ने दो-दो विकेट झटके।
न्यूजीलैंड की ओर से मार्टिन गुप्टिल ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने 93 रनों की शानदार पारी खेली उन्होंने इस पारी के दौरान टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 3000 रन भी पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने। गुप्टिल ने 105 मैचों की 101 पारियों में यह कारनामा किया है। भारतीय कप्तान विराट कोहली के नाम 92 मैचों की 86 पारियों में 3225 रन हैं।