Type Here to Get Search Results !

“दो डोज पूर्ण तो सुरक्षा संपूर्ण”अब हमारा मंत्र होगा : मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने वैक्सीनेशन में इतिहास रचा है। प्रदेश में प्रथम और द्वितीय डोज की संख्या 7 करोड़ को पार कर गई है। निश्चित ही कल मध्यप्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन था। जहाँ प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत में 100 करोड़ वैक्सीन के डोज लग चुके हैं, जो अद्भुत और आश्चार्यजनक उपलब्धि है, वहीं मध्यप्रदेश ने भी 92 प्रतिशत लक्ष्य आबादी को प्रथम डोज और 37 प्रतिशत भाई-बहनों को कोरोना से बचाव का द्वितीय डोज लगाकर महत्वपूर्ण कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इसके लिए सभी डाक्टर्स, स्टॉफ नर्स, वैक्सीनेटर, वैरीफायर, मोबेलाईजर, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, डेटा मैनेजर, कोल्ड चेन हेण्डलर, वैक्सीन वैन ड्रायवर, कोल्ड चेन टेक्नीशियन, ए.वी.डी., कन्ट्रोल एण्ड कमांड टीम आदि के सदस्य विशेष बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्थानीय प्रशासन के सभी फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी हृदय से बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सभा कक्ष में प्रदेश में 7 करोड़ कोविड वैक्सीन डोज पूर्ण होने पर संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा कलेक्टर्स भी इसमें शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिलों में क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप की बैठकें आयोजित की जाएँ, जिसमें आगामी वैक्सीनेशन अभियान में सभी वर्गों की भागीदारी के साथ कार्य किया जा सके।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की सौ करोड़ आबादी को वैक्सीन का डोज लग चुका है, जो एक रिकार्ड है। पहली बार देश में वैक्सीन बनी। इससे पहले अन्य देशों में ही वैक्सीन बनती थी। भारत में स्वदेशी वैक्सीन विकसित की गई, जिसके लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी की इच्छा शक्ति और हमारे वैज्ञानिकों के प्रयास महत्व रखते हैं। विश्व में वैक्सीनेशन कार्य में भारत का सबसे बेहतर प्रदर्शन रहा है। क्योंकि अन्य देशों की तुलना में भारत में आबादी अधिक है फिर भी देश में लोगों को नि:शुल्क वैक्सीन उपलब्ध हुई। निश्चित ही प्रधानमंत्री श्री मोदी अभिनंदन के पात्र हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त किया।