ट्रेनों में धमकाकर ब्लैकमेल करने वालों को जीआरपी ने दबोचा
भोपाल। आरपीएफ के सिपाही, साधना न्यूज चैनल के ब्यूरो चीफ, एक बिल्डर और भाजपा के पूर्व पार्षद ने मिलकर नकली क्राइमब्रांच की टीम बनाकर ट्रेनों में यात्रियों को धमकाकर ब्लैकमेल करके लाखों रुपए ऐंठ लिए। इस नकली क्राइम ब्रांच की टीम को जीआरपी इटारसी ने लाखों रुपए नगदी सहित पकड़ा है।
इस बारे में रेल पुलिस अधीक्षक हितेश चौधरी ने बताया कि जीआरपी खंडवा के इलाके में लगातार ट्रेनो में यात्रियों से धोखाधड़ी करने और पैसे ऐंठने की शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में जीआरपी को सक्रिय किया गया, जिसके नतीजे में खंडवा जीआरपी की टीम उप पुलिस अधीक्षक रेल इटारसी सुश्री अचर्ना शर्मा, सुश्री बबीता कठेरिया थाना प्रभारी, थाना जीआरपी खंडवा, सउनि अन्नीलाल पटेल, आरक्षक संदीप मीना, शिवकुमार, माया शंकर यादव ने इनको 3 लाख 40 हजार रुपए के साथ धर दबोचा।
ऐसे हड़प लिए गए साढे तीन लाख रुपए
वाराणसी एलटीटी एक्सप्रेस से मुंबई के लिए यात्रा कर रहे व्यापारी कृष्णकांत पटेल निवासी शंकर नगर सुहागी जबलपुर को बुरहानपुर के पहले दो अज्ञात व्यक्ति मिले और अपने आप को क्राईम ब्रांच का बताकर जबरन उसके बैग की तलाशी ली। बैग में 5 लाख रुपए थे। व्यापारी को फंसा देने की धमकी देकर बाथरु में ले जाकर 3 लाख 50 हजार रुपए ले लिए।मुम्बई से जबलपुर आने के बाद शिकायत की। थाना जीआरपी खंडवा मे अपराध धारा 384,170,419, 34 भादवि का दर्ज किया गया। इस में आरोपियों ने रैकी की और ट्रेन में पीछा करते रहे और मौका देख कर धमकाकर वसूली कर ली।
यह है नकली क्राइम ब्रांच की टीम
- आरपीएफ आरक्षक संदीप तिवारी पिता चंद्रिका प्रसाद तिवारी उम्र 34 साल न्यू शोभापुर कॉलोनी जबलपुर
- साधना न्यूज चैनल का संभागीय ब्यूरो चीफ सचिन राव पिता स्व. लक्ष्मण राव उम्र 43 साल ग्वारीघाट रोड नर्मदा नगर जबलपुर
- पूर्व भाजपा पार्षद नरेंद्र वर्मा पिता स्व. ओपी वर्मा उम्र 50 साल शीतला माई वार्ड नंबर 45 जबलपुर
- इंद्रलोक सिटी बिल्डर सौरभ पिता वीरेंद्र शर्मा उम्र 43 साल मकान नंबर 20 शीतला माई वार्ड गमापुर, जबलपुर