Type Here to Get Search Results !

करंट से किया टाइगर 'हीरा' का शिकार, खाल उतारकर तालाब में फेंका शव

सतना के अमदरी बीट की घटना, 3 संदिग्ध हिरासत में

पन्ना। सतना वनमंडल के बरौंधा रेंज से 7 किमी दूर सिंहपुर रेंज की अमदरी बीट में पन्ना टाइगर रिजर्व के टाइगर हीरा पी 234-31 का कंकाल मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। शिकारियों ने धान के एक खेत में करंट लगाकर उसकी जान ली और मौत के बाद उसके सिर को काटकर खाल उतराने के बाद शव को तालाब में फेंक दिया था। इसकी पुष्टि मौके पर कॉलर आईडी मिलने से हुई है।

रीवा सीसीएफ एके सिंह ने बताया कि, बाघ के शिकार की शंका के आधार पर तीन लोगों को पकड़ा गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि, हीरा का शिकार दशहरे के आसपास किया गया होगा। जिस खेत में बाघ की करंट से मौत होना बताया गया है, वह खेत रामप्रकाश नामक किसान का है। खेत में बोरिंग तक लाई गई बिजली के तार की चपेट में आने से बाघ की मौत हुई है।