Type Here to Get Search Results !

स्थानीय युवाओं को मिले उद्योगों में नियोजन :मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्थानीय युवाओं को विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में नियोजन के लिए जिला प्रशासन अपने प्रयासों में वृद्धि करें। रोजगार मेले लगाकर भी युवाओं को विभिन्न रोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए। लघु, मध्यम और सूक्ष्म औद्योगिक इकाइयों में बेरोजगार युवाओं को जोड़ने के प्रयासों की कलेक्टर द्वारा सतत् समीक्षा भी की जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास पर सीहोर के बुधनी क्षेत्र के विकास कार्यों पर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बुधनी में लकड़ी के खिलौनों के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने, लघु व्यवसायियों को लाभान्वित करने, उनके व्यवसाय की कठिनाइयों को दूर करने और अंचल में टॉय क्लस्टर के विकास के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, सचिव श्री एम. सेलवेन्द्रन, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री मनीष सिंह, सचिव सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं उद्ययम उद्योग और आयुक्त उद्योग श्री पी. नरहरि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेरोजगारों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना के साथ ही स्ट्रीट वेण्डर्स कल्याण योजना में लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पथ विक्रेताओं के आर्थिक उन्नयन के लिए उनके सर्वे का कार्य किया गया है। पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।