Type Here to Get Search Results !

राग भोपाली से मिलेगी भोपाल की कला जरी-ज़रदोज़ी को अंतर्राष्ट्रीय पहचान: मुख्यमंत्री चौहान

भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज एक नवम्बर को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हम न केवल धूमधाम से मना रहे हैं, अपितु इस संकल्प के साथ मना रहे हैं कि मध्यप्रदेश का यह स्थापना दिवस सार्थक हो। अब तक बड़ी-बड़ी कम्पनियों के साथ एम.ओ.यू. होते थे। आज स्व-सहायता समूह की दीदी राधा मीणा एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर कर रही हैं। यह महिला सशक्तिकरण का प्रतीक है। स्व-सहायता समूह प्रदेश में आंदोलन का रूप ले रहा है। हमने अलग-अलग जिलों में तैयार हो रहे विभिन्न उत्पादों में से प्रत्येक जिले के एक उत्पाद को चुनकर उसकी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग और मार्केटिंग करने का निर्णय लिया है। एक जिला-एक उत्पाद की इस योजना में भोपाल जिले की जरी-ज़रदोज़ी और जूट के उत्पाद तय किए गए हैं। उद्देश्य यह है कि भोपाल जिले की विलुप्त होती जा रही इस कला और हस्तशिल्प को संरक्षित किया जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान 10 नंबर मार्केट के निकट राग भोपाली एम्पोरियम का लोकार्पण कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जरी-ज़रदोज़ी भोपाल की विशेषता है। वर्तमान आवश्यकताओं और बाजार की मांग के अनुसार स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण दिलवाकर इसके उत्पाद को आधुनिक कम्पनियों के साथ जोड़ा जाएगा। इससे बहनों को रोजगार भी मिलेगा और भोपाल की इस विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मदद भी मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राग भोपाली की पहल को निफ्ट से भी जोड़ा गया है। वहाँ के डिजाइनर स्व-सहायता समूह की दीदियों को प्रशिक्षण उपलब्ध कराएँगे। इनके उत्पादों को अमेजन, जेम पोर्टल, आजीविका मार्ट से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राग भोपाली परिसर में बने दीदी कैफे में व्यंजनों का स्वाद लिया। उन्होंने जन-सामान्य से अपील की कि यहाँ स्वच्छता के साथ शुद्धता और परम्परागत व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। फास्टफूड की जगह यह स्वास्थ्य के लिए लाभदायक भी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जन-सामान्य से अपील की कि वे स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही इस पहल को प्रोत्साहित करने के लिए उनके उत्पाद क्रय करें और दीदी कैफे में उनके व्यंजनों का भी आनंद लें।