भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बुधनी की खिलौना कला को बढ़ावा देने और रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से बुधनी में खिलौना क्लस्टर का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास से बुधनी के दशहरा मैदान में 1 से 14 नवंबर तक आयोजित बुधनी खिलौना महोत्सव का वर्चुअल शुभारंभ कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि "एक जिला - एक उत्पाद योजना" में हर जिले के एक उत्पाद को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे रोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आत्म-निर्भर भारत का मंत्र दिया था। कोरोना के संकट काल में हमने आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का रोडमैप तैयार किया है। आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का मतलब गरीब तक विकास का प्रकाश पहुँचाना है। जब आम आदमी आत्म-निर्भर बनेगा तभी मध्यप्रदेश को आत्म-निर्भर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि खिलौने बेचने वालों को कम कीमत पर लकड़ी उपलब्ध कराने और उनके लिए रोजगार का प्रबंध करने का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बुधनी के लकड़ी के खिलौने की माँग दूर-दूर तक है। हम इस कला को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिकता से कार्य करेंगे। उन्होंने होनहार काष्ठ शिल्पकारों की आर्थिक उन्नति की बात कही। उन्होंने कहा कि बुधनी के काष्ठ शिल्पकारों की बेहतरी के लिए पहल की जाएगी।