Type Here to Get Search Results !

67% आबादी वाले देश के बाहर होने से वर्ल्ड कप की व्यूअरशिप आधी होगी

नई दिल्ली। जिसका डर था वही हुआ। टीम इंडिया टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सकी। इससे भारतीय फैंस तो निराश हैं ही, मैचों के विज्ञापन स्लॉट्स खरीदने-बेचने वाली एजेंसियों के होश भी फाख्ता हो चले हैं। कारण साफ है, सुपर-12 में जो देश खेल रहे थे उनकी कुल आबादी 199 करोड़ है, जबकि इनमें से 135 करोड़ लोगों का मुल्क भारत नॉकआउट राउंड में नहीं पहुंच पाया। यानी, आबादी के लिहाज से 67% हिस्सेदारी रखने वाला देश बाहर हो गया है।

टूर्नामेंट में अब भी सेमीफाइनल और फाइनल सहित 5 मैच खेले जाने हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन बचे हुए मैचों की टीवी और डिजिटल व्यूअरशिप में 50% की गिरावट आ सकती है। इससे मैचों के दौरान टीवी पर दिखने वाले विज्ञापनों के कारोबार को करीब 1 हजार करोड़ रुपए का झटका लग सकता है। यह झटका किसे और कैसे लगेगा, 6 फैक्टर से समझते हैं…

टीम इंडिया के बाहर हो जाने के बावजूद फिलहाल ICC को कोई बड़ा झटका नहीं लगने वाला है। ICC ने 2015 से 2023 के लिए अपने सभी टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टिंग और डिजिटल राइट्स स्टार इंडिया को करीब 14.8 हजार करोड़ रुपए में बेचे थे। इनमें वनडे वर्ल्ड कप (2015, 2019 और 2023), टी-20 वर्ल्ड कप (2016, 2021 और 2022), चैंपियंस ट्रॉफी और ICC टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल शामिल हैं।

Tags