Type Here to Get Search Results !

दिए बनाने वाले मिट्टी कहां से लाएंगे, वन विभाग खच्चर रोक लेता है, प्रशासन का नहीं है ध्यान

नगरीय निकाय और पंचायतों को आदेश जारी, टैक्स वसूली नहीं होगी

आत्म निर्भर भारत योजना में कलेक्टर का आदेश जारी

ग्वालियर।  मिट्टी शिल्पकारों (कुम्हार) के मिट्टी के दियों से दीपावली का त्योहार जगमग हो इसके लिए कलेक्टर ग्वालियर ने नगरीय निकाय और पंचायतों के लिए आदेश जारी किया है । इसके तहत कोई भी संस्था सड़क पर बैठकर दिए बेचने वालों से टैक्स नहीं वसूलेगी। कुम्हारों का कहना है कि सबकुछ ठीक है लेकिन दिए बनाने के लिए मिट्टी कहां से आएगी? प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा है कि इनकी मिट्टी वाली समस्या दूर की जाएगी।

चाक चलाते हुए हरगोविंद प्रजापति

राजपायगा रोड ग्वालियर निवासी हरगोविंद प्रजापति ने पीपुल्स समाचार से अपनी समस्या शेयर करते हुए कहा कि हमें शहर में पीली मिट्टी नहीं मिलती है। हम लोगों को मिट्टी की तलाश में आसपास के वन्य क्षेत्रों में जाना पड़ता है । जब खच्चरों से मिट्टी लेकर आते हैं तो वन विभाग की टीम हमें रोक लेती है। ऐसे में हमें मिट्टी नहीं मिलती। यही सबसे बड़ी समस्या है। 

टैक्स वसूली नहीं होगी 

आदेश के तहत कु म्हारों से सड़क पर बैठकर दिए बेचने के लिए कोई भी संस्था वसूली नहीं करेगी। मिट्टी के दियों को प्रोत्साहित करने के सभी उपक्रम करें। आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत स्थानीय शिल्पकारों को प्रमोट करने के लिए मिट्टी के दिए, कुल्हड़ों को प्रोत्साहित करने का प्रयास हो रहा है। 

खच्चरों से मिट्टी लाने वालों को नहीं रोका जाएगा : तिवारी

प्रभारी कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा है कि हम वन विभाग से बात करेंगे और खच्चरों से मिट्टी खोदकर लाने वालों को नहीं रोका जाएगा।