भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश को एक करने का कार्य सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया है। सरदार पटेल अद्भुत दृढ़-संकल्प वाले महान देशभक्त नेता थे। सरदार पटेल ने 500 से ज्यादा देशी रियासतों का विलय कर राष्ट्रीय एकता की अनूठी मिसाल कायम की है। यह दुनिया में अपने आप में एक अनूठी घटना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शौर्य स्मारक में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज राष्ट्रीय एकता का दिवस है, राष्ट्रीय एकता का वास्तविक श्रेय लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को जाता है। आज पूरा राष्ट्र उनको श्रद्धा से नमन कर रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होंने अंग्रेजों की "फूट डालो-राज करो" नीति का डटकर मुकाबला कर भारत को एकता के सूत्र में बांधने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि चाहे बारडोली का किसान आंदोलन हो या महात्मा गांधी के नेतृत्व में आंदोलन, सभी में सरदार पटेल ने अपना अमूल्य योगदान दिया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयासों से केवड़िया में देश की एकता के प्रतीक स्वरूप सरदार पटेल की प्रतिमा लगाई गई है, जिसके लिए गाँव-गाँव से लोहा इकट्ठा किया गया था। यह प्रतिमा नहीं बल्कि राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देने वाला स्थल बन गया है।